गांव भाड़ावास व कोसली कोर्ट परिसर में हुआ महिला कानूनी जागरूकता कैंप का आयोजन

कानूनी जागरूकता का पाठ
– गांव भाड़ावास व कोसली कोर्ट परिसर में हुआ महिला कानूनी जागरूकता कैंप का आयोजन
रेवाड़ी, 20 जुलाई
आजादी अमृत काल में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण व राष्ट्रीय महिला आयोग के संयुक्त तत्वावधान में जिला के गांव भाड़ावास स्थित बाबा मोहन दास मंदिर व कोसली कोर्ट परिसर में महिला कानूनी जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया और शिविर में उपस्थित आशा वर्कर, आंगनवाड़ी वर्कर तथा ग्रामीण महिलाओं को कानूनी विशेषज्ञों व सलाहकारों द्वारा कानूनी जानकारी प्रदान की गई।
एसडीजेएम नेहा गुप्ता ने कहा कि कानूनी जागरूकता शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद महिलाओं तक कानूनी सहायता पहुंचाना ही डालसा का वास्तविक उद्देश्य है। हर प्रकार की कानूनी सहायता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा दी जा रही है। कोई भी महिला किसी भी प्रकार की कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए डालसा से संपर्क कर सकती है।
एक कदम मानवता की ओर संस्था की संस्थापक प्रियंका यादव ने महिला अपराध, पीसीपीएनडीटी एक्ट, एमटीपी एक्ट, दहेज, घरेलू हिंसा आदि विषयों पर कानूनी जानकारी देते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए बहुत से नियम बनाए गए हैं, जिनकी सही जानकारी तथा सही प्रयोग का अभाव होने के कारण पीड़ित महिलाएं उनका लाभ नहीं उठा पाती। इसी दिशा में डालसा द्वारा लगातार जागरूकता शिविरों का समय-समय पर आयोजन कराया जा रहा है। निशुल्क कानूनी सहायता के लिए डालसा सदैव तत्पर है।
डालसा के अधिवक्ता यशपाल शर्मा ने कहा कि महिलाएं अपने परिवार, कार्य स्थलों पर लगातार हिंसा की शिकार होती रहती है लेकिन आवाज नहीं उठा पाती। अपने साथ हो रहे अपराध के विरोध में आवाज उठाएं। जिला सेवा विधिक प्राधिकरण रेवाड़ी जिसका टोल फ्री नंबर 01274220062 है पर संपर्क कर कोई भी महिला कानूनी जानकारी प्राप्त कर सकती है। इस अवसर पर विजय गुप्ता, दयाराम, समीर, अधिवक्ता ममता यादव, रेशू, प्रवीण आदि उपस्थित रहे।
———-
कुरूक्षेत्र कला कीर्ति भवन में हरियाणवी नाट्य उत्सव शुक्रवार से : डीआईपीआरओ
रेवाड़ी, 20 जुलाई
आजादी अमृत काल में कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग, हरियाणा द्वारा महानिदेशक डा. अमित कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में शुक्रवार 21 जुलाई से रविवार 23 जुलाई तथा शुक्रवार 28 जुलाई से रविवार 30 जुलाई तक कुरुक्षेत्र स्थित कला कीर्ति भवन में हरियाणवी नाट्य उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। नाटक का समय सायं 5 बजे व सायं 7 बजे रहेगा।
डीआईपीआरओ दिनेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार 21 जुलाई को पींगल भर्तरी व बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, शनिवार 22 जुलाई को साईकिल का दाहसंस्कार व गई भैंस पानी में, रविवार 23 जुलाई को चरण दास चोर व मां, शुक्रवार 28 जुलाई को सिंध का भगत व कोई तै मने जवाब दो, शनिवार 29 जुलाई को जन्मदिन का तोहफा व मारे अरमान अशुष्मान तथा रविवार 30 जुलाई को शिक्षा और संस्कार नाटक का मंचन किया जाएगा। उन्होंने नाटक व कला प्रेमियों से बढ़चढक़र नाटक मंचन देखने का आह्वान किया।