विधायक लक्ष्मण सिंह ने किया स्वयं सहायता समूह प्रदर्शनी का अवलोकन

विधायक लक्ष्मण सिंह ने किया स्वयं सहायता समूह प्रदर्शनी का अवलोकन
रेवाड़ी 8 अक्टूबर आदर्श शर्मा
राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत कोसली के नाहड़ रोड़ स्थित विधायक कैंप कार्यालय में स्वयं सहायता समूहों के खंड स्तरीय स्मृद्धि दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों की ओर से बनाई गई वस्तुओं की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
इस मौके पर अपने संबोधन में कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री मनोहरलाल के कुशल नेतृत्व में केंद्र व प्रदेश सरकार महिलाओं के उत्थान को लेकर विशेष कदम उठा रही है। हाल ही में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण दिया जाना, इसका जीवंत उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को ऋण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके उत्पाद को खरीदने तथा उन्हें कच्चा माल उपलब्ध कराने सहित अनेकों सुविधाएं प्रदान की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं स्वयं सहायता समूह बनाकर सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठा सकती हैं। उन्होंने कहा कि एक महिला के साथ दूसरी महिला जुडक़र समूह बना लेती है तो वे बड़ी ताकत बन जाती है। इसलिए महिलाएं अपनी ताकत को समझते हुए स्वयं सहायता समूह बनाकर अपनी तथा अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करें।
उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूह गांव की दूसरी महिलाओं को भी अपने समूह में जोडऩे का कार्य करें, ताकि उन्हें भी सरकार की योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि जो जितनी मेहनत करेगा, उसे उतना ही अधिक फल मिलेगा। इसलिए स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से अनेकों लघु उद्योगों को अपनाकर अपनी एक अलग पहचान बनाएं। इस दौरान कोसली विधायक ने स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी में उनके द्वारा बनाए गए उत्पादों का अवलोकन किया तथा उनकी जमकर सराहना की।
इस मौके पर नाहड़ मंडल अध्यक्ष सरदार सिंह, बलजीत यादव, निशांत यादव, राकेश कुमार सहित काफी संख्या में स्वयं सहायता समूह की महिला कार्यकर्ता उपस्थित थीं।
इससे पूर्व कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने गांव भूरथला में आयोजित दो दिवसीय आर्य समाज सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने आर्य समाज की महिमा का जमकर गुणगान करते हुए कहा कि भारत आर्यों का देश है। अनेकों महान संतों ने आर्य समाज का प्रचार विदेशों तक किया। इस दौरान वेदव्रत, धर्मदेव, थावर सिंह, ग्राम पंचायत सरपंच रामकला, राजकुमार, डा. बिजेंद्र सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
रेवाड़ी से आदर्श शर्मा की रिपोर्ट

Subscribe to my channel