50 हजार के इनामी बदमाश अमजद पुलिस मुठभेड़ में ढेर
50 हजार के इनामी बदमाश अमजद पुलिस मुठभेड़ में ढेर

*50 हजार के इनामी बदमाश अमजद पुलिस मुठभेड़ में ढेर*
मुजफ्फरनगर। थाना बुढाना, तितावी और शाहपुर पुलिस की संयुक्त टीम के साथ गुरुवार को हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश अमजद उर्फ अमजद पुत्र जिलेदीन निवासी ग्राम हरसौली, थाना शाहपुर घायल हो गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल अमजद को तत्काल सीएचसी बुढाना में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान बदमाश द्वारा की गई फायरिंग में उपनिरीक्षक संदीप कुमार और कांस्टेबल इशफाक भी घायल हुए हैं। दोनों का उपचार चल रहा है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक अमजद अंतर्राज्यीय स्तर का शातिर अपराधी था, जिसके विरुद्ध हत्या, लूट, डकैती, चोरी, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट व एनडीपीएस एक्ट सहित संगीन धाराओं में लगभग 40 मुकदमे विभिन्न जनपदों और राज्यों में दर्ज थे। वह थाना बुढाना में दर्ज मुकदमा संख्या 459/2025 धारा 309(4) बीएनएस तथा मुकदमा संख्या 10/2026 धारा 309(4), 351(3) बीएनएस में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि वांछित अभियुक्त क्षेत्र में मौजूद है। घेराबंदी के दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई में वह घायल हो गया। पूरे प्रकरण की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मृतक के विरुद्ध मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, दिल्ली, हरिद्वार, बिजनौर, राजस्थान और बिहार सहित कई स्थानों पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, गैंगस्टर व आर्म्स एक्ट के गंभीर मुकदमे दर्ज थे।
मीडिया सेल, मुजफ्फरनगर पुलिस

Subscribe to my channel