शिकमी किराएदार दुकानदारों के तीन दशक से लंबित समस्या के निदान को पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने दुकानदारों के प्रतिनिधियों के साथ सहारनपुर मंडल के आयुक्त डॉ. रूपेश कुमार से भेंट
शिकमी किराएदार दुकानदारों के तीन दशक से लंबित समस्या के निदान को पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने दुकानदारों के प्रतिनिधियों के साथ सहारनपुर मंडल के आयुक्त डॉ. रूपेश कुमार से भेंट

मुजफ्फरनगर नगरपालिका परिषद की 17 मार्किट में व्यापार कर रहे करीब 500 से अधिक शिकमी किराएदार दुकानदारों के तीन दशक से लंबित समस्या के निदान को पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने दुकानदारों के प्रतिनिधियों के साथ सहारनपुर मंडल के आयुक्त डॉ. रूपेश कुमार से भेंट कर समाधान की प्रक्रिया को गति देने का प्रयास किया है।
मुजफ्फरनगर नगरपालिका परिषद की विभिन्न मार्किट में लंबे समय से लंबित दुकानदारों के 15 वर्षीय किरायेदारी, वारिसान प्रकरण तथा शिकमी किरायेदारी से जुड़े मामलों के समाधान के लिए पालिका प्रशासन सक्रिय हो गया है। लगभग 17 मार्किट के 500 से अधिक दुकानदार वर्षों से अनिश्चितता की स्थिति में कार्य कर रहे हैं। पहली बार पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप ने सोमवार को समस्त नगरपालिका मार्किट एसोसिएशन के पदाधिकारियों और पालिका की कार्यवाहक कर अधिकारी पारूल यादव को साथ लेकर सहारनपुर मंडल आयुक्त डॉ. रूपेश कुमार से उनके कार्यालय में मुलाकात की। बैठक के दौरान पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने 15 वर्षीय किरायेदारी विवाद, वारिसान मामलों तथा शिकमी किरायेदारों के प्रकरणों के स्थायी समाधान के लिए प्रशासनिक सहयोग का आग्रह किया। विशेष रूप से शिकमी किरायेदारों और वारिसान प्रकरणों में पालिका प्रशासन के स्तर पर नए अनुबंध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया, ताकि वर्षों से लंबित फाइलों को निस्तारित किया जा सके। इसके अतिरिक्त 15 वर्षीय किरायेदारी विवाद में स्पष्ट और सुलभ प्रक्रिया तय करने के लिए मार्गदर्शन भी मांगा गया। मुजफ्फरनगर पालिका परिषद नगर के मार्केटों में कारोबार कर रहे दुकानदारों के साथ पालिका का यह विवाद करीब तीन दशक से अधर में लटका हुआ है, जिससे दुकानदारों में असमंजस और असुरक्षा की स्थिति बनी हुई है।
पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि 15 वर्षीय, वारिसान और शिकमी किरायेदारी के सभी मामलों का पारदर्शी और न्यायसंगत समाधान हो। इसके लिए प्रशासनिक सहयोग लेकर ठोस व्यवस्था लागू की जाएगी, ताकि किसी भी दुकानदार को भविष्य में असमंजस का सामना न करना पड़े। इस समस्या के सुलझने से पालिका प्रशासन को भी राजस्व की प्राप्ति होगी, जिससे नगर विकास में भी सहयोग मिलेगा। वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव स्वरूप ने कहा कि नगरपालिका मार्किट के सैकड़ों दुकानदार वर्षों से लंबित किरायेदारी विवाद के कारण असमंजस में थे। पालिका स्तर पर शुरू की गई यह पहल सराहनीय है। हमारा प्रयास रहेगा कि प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक सहयोग मिले और दुकानदारों को स्थायी समाधान प्राप्त हो। नगरपालिका की इस पहल से मार्किट में व्याप्त अस्थिरता समाप्त होने और व्यापारिक वातावरण में स्थायित्व आने की उम्मीद जताई जा रही है। व्यापारियों ने भी कहा कि वर्षों पुरानी यह समस्या अब शीघ्र समाधान की ओर बढ़ सकती है। इस दौरान समस्त पालिका मार्किट एसोसिएशन के संयोजग विरेन्द्र अरोरा, अध्यक्ष शिशुकांत गर्ग, महामंत्री भानु प्रताप अरोरा, डॉ. कैलाश अरोरा, राजेश नारंग, आनन्द प्रकाश, राजेश जुनेजा, जसप्रीत सिंह सहित अन्य पालिका मार्किट दुकानदार मौजूद रहे।

Subscribe to my channel