मुजफ्फरनगर में प्रदूषण मानक पूरे नहीं करने वाली 18 फैक्टरियों को नोटिस, कटेगा बिजली कनेक्शन
मुजफ्फरनगर में प्रदूषण मानक पूरे नहीं करने वाली 18 फैक्टरियों को नोटिस, कटेगा बिजली कनेक्शन

मुजफ्फरनगर में प्रदूषण मानक पूरे नहीं करने वाली 18 फैक्टरियों को नोटिस, कटेगा बिजली कनेक्शन
उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने जिले में नियमों की अनदेखी करने वाली 18 औद्योगिक इकाइयों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इन इकाइयों द्वारा प्रदूषण की निगरानी के लिए जरूरी ऑनलाइन सिस्टम न लगाने पर बोर्ड ने सख्त रुख अपनाया है।क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने इन फैक्टरियों के बिजली कनेक्शन काटने के लिए विद्युत विभाग को पत्र भेज दिया है। कार्रवाई की जद में आने वाली इकाइयों में पेपर मिल, रोलिंग मिल, लोहा और टेक्सटाइल उद्योग शामिल हैं।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने सभी औद्योगिक इकाइयों को ऑनलाइन सतत निगरानी प्रणाली लगाने के निर्देश दिए थे। इस प्रणाली के तहत फैक्टरियों की चिमनियों पर विशेष कैमरे और संसाधन लगाए जाने हैं, जिससे प्रदूषण के स्तर की सीधी निगरानी केंद्रीय और राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के साथ-साथ वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग द्वारा की जा सके। इस व्यवस्था को लागू करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 तय की गई थी, लेकिन इन 18 इकाइयों ने इसमें लापरवाही बरती।
क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी गीतेश चंद्रा ने बताया कि चिन्हित की गई फैक्टरियों ने बार-बार दिए गए निर्देशों के बावजूद कनेक्टिविटी सुनिश्चित नहीं की। इसी कारण अब इनके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई शुरू की गई है। कार्रवाई की चपेट में आने वाली प्रमुख इकाइयों में वहलना की बाहुबली स्टील, मित्तल कास्टिंग, रुड़की रोड की तारा टेक्नो मशीन, उज्ज्वल कास्टिंग और सुमन इंजीनियरिंग शामिल हैं। इसके अलावा बेगराजपुर की एमआर मेटल वर्क्स, आरके मेटल, प्रिंस मेटल, श्रीमेटल और पीएसआर मेटल पर भी कार्रवाई की गई है।
सूची में खांजापुर की जेपीडी मेटल, बुढ़ाना रोड की तालिब मेटल, धंधेड़ा की एमएसक्यू, पुरकाजी की जय माहेश्वरी एलोयल्स, जड़ौदा की एमएसए स्टील, अंकुर फर्टिलाइजर और एमएलआर फूड्स के नाम भी शामिल हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जब तक ये इकाइयां मानक पूरे नहीं करतीं और ऑनलाइन सिस्टम की कनेक्टिविटी बोर्ड के सर्वर से नहीं जोड़तीं, तब तक इन्हें राहत नहीं दी जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से औद्योगिक क्षेत्रों में हड़कंप मचा हुआ है।

Subscribe to my channel