मुजफ्फरनगर में मदद के बहाने ‘धोखा’, अस्पताल में घायल भाइयों को लावारिस छोड़ फरार हुआ कार सवार
मुजफ्फरनगर में मदद के बहाने 'धोखा', अस्पताल में घायल भाइयों को लावारिस छोड़ फरार हुआ कार सवार

मुजफ्फरनगर में मदद के बहाने ‘धोखा’, अस्पताल में घायल भाइयों को लावारिस छोड़ फरार हुआ कार सवार मुजफ्फरनगर। मोरना-भोपा मार्ग पर एक बार फिर मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो भाइयों को जोरदार टक्कर मारकर घायल कर दिया। आरोपी कार सवार घायलों को इलाज दिलाने के बहाने अस्पताल लाया, लेकिन वहां उन्हें लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गया।पुलिस ने अस्पताल की सूचना पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद मदद का किया नाटक
शामली जनपद के थाना थानाभवन क्षेत्र के ग्राम मसावी निवासी सावेज और जुबैर मोटरसाइकिल पर सवार होकर ककरौली अपनी बहन को लेने जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक भोकरहेड़ी-मोरना मार्ग पर पहुंची, तभी एक तेज गति से आ रही अनियंत्रित कार ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। इस भिड़ंत में दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
दो अस्पतालों के चक्कर लगवाकर हुआ फरार
हादसे के बाद कार सवार ने घायलों को अपनी कार में बिठाया और मोरना स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गया। वहां डॉक्टरों ने घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें भोपा स्वास्थ्य केंद्र के लिए रेफर कर दिया। आरोपी उन्हें भोपा तो ले गया, लेकिन जैसे ही वहां डॉक्टरों ने घायलों को भर्ती कर उपचार शुरू किया, आरोपी कार सवार मौका पाकर वहां से फरार हो गया।
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी। घायलों का प्राथमिक उपचार जारी है। पीड़ितों ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर अज्ञात कार सवार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब अस्पताल और रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी कार सवार की पहचान करने में जुट गई है।

Subscribe to my channel