सवा छह साल बाद मिला सहारनपुर को भाजपा का नया जिलाध्यक्ष, अजीत सिंह राणा की नियुक्ति से संगठन को मिलेगी नई ताकत
सवा छह साल बाद मिला सहारनपुर को भाजपा का नया जिलाध्यक्ष, अजीत सिंह राणा की नियुक्ति से संगठन को मिलेगी नई ताकत

सहारनपुर : सवा छह साल बाद मिला सहारनपुर को भाजपा का नया जिलाध्यक्ष, अजीत सिंह राणा की नियुक्ति से संगठन को मिलेगी नई ताकत : राज्यमंत्री जसवंत सैनी…
वह संगठन को मजबूत करने पर ध्यान देंगे और कार्यकर्त्ताओं के मान-सम्मान और हितों का पूरा ध्यान रखेंगे : नव नियुक्त भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह राणा
✍🏾रिपोर्ट- सुरेंद्र सिंघल, वरिष्ठ पत्रकार, सहारनपुर मंडल,उप्र:।।
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने सहारनपुर जनपद में भाजपा जिला अध्यक्ष पद को लेकर लंबे समय से चला आ रहा गतिरोध समाप्त करते हुए जनपद के जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्त्ताओं की मांग के अनुरूप युवा राजपूत नेता अजीत सिंह राणा को नया अध्यक्ष नियुक्त किया है।
संसदीय कार्य एवं औद्योगिक विकास राज्यमंत्री और सहारनपुर के दिग्गज भाजपा नेता जसवंत सैनी ने नए अध्यक्ष को बधाई देते हुए पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिया। उन्होंने आज कहा कि प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कार्यकर्त्ताओं की भावनाओं के अनुरूप नियुक्ति कर प्रशंसनीय कदम उठाया है। अजीत सिंह के जिलाध्यक्ष बनाए जाने से संगठन को नई ताकत और ऊर्जा मिलेगी। लंबे समय से राजपूत वर्ग अपनी उपेक्षा को लेकर नाराज था जिसका खामियाजा लोकसभा चुनाव में पूरे सहारनपुर मंडल में भाजपा को लोकसभा की तीनों सीटें गंवाकर उठाना पड़ा।
2012 से 2016 तक सबसे सफल और लोकप्रिय जिलाध्यक्ष रहे ठाकुर मानवीर सिंह पुंडीर ने नई नियुक्ति पर हर्ष जताया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अजीत सिंह राणा सभी कार्यकर्त्ताओं को साथ लेकर संगठन को मजबूत बनाएंगे और सभी जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय और संबंधों को और सुदृढ़ करेंगे। अजीत सिंह राणा से पूर्व देवबंद के महेंद्र सैनी छह साल चार महीने रिकार्ड अवधि तक भाजपा जिलाध्यक्ष रहे।
नव नियुक्त भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह राणा को राज्यमंत्री जसवंत सैनी, निवर्तमान भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी, विधायक मुकेश चौधरी, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा एवं प्रदीप चौधरी, विधायक कीरत सिंह, पूर्व राज्यमंत्री संजय गर्ग, पूर्व विधायक नरेश सैनी, बजरंग दल के पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष विकास त्यागी आदि सैकड़ों प्रमुख भाजपाइयों और कार्यकर्त्ताओं ने बधाई दी और भाजपा आलाकमान का आभार जताया। खास बात यह है कि अजीत सिंह राणा को भाजपा कार्यकर्त्ताओं के साथ-साथ संघ का भी जबरदस्त समर्थन था। अपनी नियुक्ति पर अजीत सिंह राणा ने कहा कि वह संगठन को मजबूत करने पर ध्यान देंगे और कार्यकर्त्ताओं के मान-सम्मान और हितों पर पूरा ध्यान रखेंगे।

Subscribe to my channel