सहारनपुर जनपद के 1,43,972 लाभार्थियों को 8,11,13,825 की सब्सिडी प्राप्त
सहारनपुर जनपद के 1,43,972 लाभार्थियों को 8,11,13,825 की सब्सिडी प्राप्त

सहारनपुर जनपद के 1,43,972 लाभार्थियों को 8,11,13,825 की सब्सिडी प्राप्त
जनमंच सभागार में 400 लाभार्थियों को दिया गया प्रतीकात्मक चेक
सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से सबको मिल रहा लाभ
(गौरव सिंघल)
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ में प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 1500 करोड की धनराशि के प्रदेश के 1.86 करोड पात्र परिवारों को निःशुल्क रसोई गैस सिलेण्डर रिफिल सब्सिडी का वितरण किया गया। इसी क्रम में जनपद में जनमंच सभागार में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को विधायक नगर राजीव गुंबर, विधायक रामपुर मनिहारान देवेंद्र निम, जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी एवं मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन द्वारा लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से 400 लाभार्थियों को प्रीतकात्मक चेक एवं गैस सिलेण्डर प्रदान किये गए।विधायक नगर राजीव गुंबर ने कहा कि उनकी सरकार गरीबों को समर्पित है। उन्होंने कहा कि सरकार ने गरीब और पात्र को निःशुल्क राशन वितरण, आवास, आयुष्मान योजना के अन्तर्गत 05 लाख रूपये तक का इलाज और उज्जवला योजना के तहत निःशुल्क गैस सिलेण्डर वितरित किये गए। विधायक रामपुर मनिहारान देवेंद्र निम ने होली की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निःशुल्क सिलेण्डर रिफिल देना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रदेश वासियों के लिए होली का तोहफा है। उन्होंने कहा कि गैस सिलेण्डर के प्रयोग से धुंए से होने वाली आंख और सांस की बीमारियों से बचा जा सकता है। पारदर्शी व्यवस्था के तहत आज डीबीटी के माध्यम से सब्सिडी का पैसा सीधा लाभार्थियों के खातों में भेजा जा रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष मांगेराम चौधरी ने कहा कि सरकार द्वारा उज्जवला योजना के तहत गरीब और वंचितों को दिये गए निःशुल्क सिलेण्डर घर की आवश्यकता पूरी होने के साथ उन्हें बीमारियों से भी बचाकर सुरक्षा प्रदान करेगा। सरकार द्वारा बिना भेदभाव के जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी को दिया जा रहा है। जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह ने बताया कि उज्ज्वला लाभार्थियों को राज्य सरकार रू0 563.40 तथा भारत सरकार द्वारा रू0 304.40 कुल रू0 868.00 की सब्सिडी दी जा रही है। जनपद में आई0ओ0सी0एल0 के 1,38,407 बी0पी0सी0 एल0 के 81,978 एवं एच0पी0सी0एल0 के 40,743 कुल 2,61,128 उज्ज्वला योजना के लाभार्थी हैं, जिनमें से 2,20,732 लाभार्थियों द्वारा आधार प्रमाणित करा लिये गये हैं, जिन्हें इस योजना का लाभ प्रदान किया जायेगा। 01 जनवरी, 2026 से 27 फरवरी, 2026 तक कुल 1,43,972 लाभार्थियों द्वारा निःशुल्क सिलेण्डर सम्बन्धित गैस एजेन्सी पर बुक कराकर प्राप्त कर लिया गया है एवं अवशेष लाभार्थी भी माह मार्च, 2026 तक उक्त योजना का लाभ प्राप्त कर सकेंगें। निःशुल्क सिलेण्डर प्राप्त किये जाने हेतु उन्हें इसकी सम्बन्धित गैस एजेन्सी पर बुकिंग कराते हुए भरा सिलेण्डर प्राप्त करना होगा। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना के ऐसे लाभार्थी जिनकी ई0के0वाई0सी0 नहीं हो पायी है वह सम्बन्धित गैस एजेन्सी पर जाकर अपनी ई0के0वाई0सी0 करा लें ताकि वह योजना से वंचित न रहें। कार्यक्रम में भारी संख्या में लाभार्थीगण उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel