मुजफ्फरनगर में डीएम की अध्यक्षता में जिला व्यापार बंधु की बैठक
मुजफ्फरनगर में डीएम की अध्यक्षता में जिला व्यापार बंधु की बैठक

मुजफ्फरनगर में डीएम की अध्यक्षता में जिला व्यापार बंधु की बैठक, व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के निर्देश मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला व्यापार बंधु की बैठक फेडरेशन सभागार में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिन पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को नियमानुसार त्वरित समाधान के निर्देश दिए।बैठक के दौरान नगर पालिका से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने शहर में नालों के निर्माण, सफाई और मरम्मत का कार्य समयबद्ध तरीके से कराने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद के सभी नालियों और नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के लिए भी नगर पालिका को निर्देशित किया गया।
विद्युत विभाग से संबंधित समस्याओं पर जिलाधिकारी ने खंभों पर अवैध रूप से लटक रहे तारों को तत्काल हटाने और जिन स्थानों पर बिजली के खंभे जर्जर या खराब अवस्था में हैं, उन्हें शीघ्र ठीक कराने के निर्देश दिए।
मंडी समिति से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए जिलाधिकारी ने 9 मार्च को राज्य कर, मंडी समिति के अधिकारियों और संबंधित व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक बुलाकर मुद्दों का समाधान कराने को कहा। इसके अलावा अन्य समस्याओं के निस्तारण के लिए मंडी सचिव को भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर, सिटी मजिस्ट्रेट देशभूषण, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Subscribe to my channel