मुज़फ्फरनगर में गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं का भारी बवाल, 900 का सिलेंडर 2000 में बेचने का आरोप
मुज़फ्फरनगर में गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं का भारी बवाल, 900 का सिलेंडर 2000 में बेचने का आरोप

मुज़फ्फरनगर में गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं का भारी बवाल, 900 का सिलेंडर 2000 में बेचने का आरोप मुजफ्फरनगर। शहर में रसोई गैस की भारी किल्लत अब जनता के सब्र का बांध तोड़ रही है। शुक्रवार को कच्ची सड़क स्थित सरवट इंडेन सेवा के कार्यालय पर उस समय भारी बवाल हो गया, जब घंटों लाइन में लगने के बाद भी उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ा।आक्रोशित रोजेदारों और महिलाओं ने भीषण गर्मी के बीच एजेंसी प्रबंधन पर कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।
उपभोक्ताओं का सीधा आरोप है कि गैस वितरण करने वाले हॉकर्स और बिचौलियों की मिलीभगत से 900 रुपये वाला सरकारी सिलेंडर चोरी-छिपे 1500 से 2000 रुपये तक में बेचा जा रहा है, जबकि आम उपभोक्ता चूल्हा जलाने के लिए दर-दर भटक रहा है।
रमजान के पवित्र महीने में रोजे की हालत में कतारों में खड़ी महिलाओं ने बताया कि ऑनलाइन पोर्टल और सर्वर डाउन होने के बहाने बुकिंग नहीं की जा रही है। जब उपभोक्ता दफ्तर पहुंचते हैं, तो कर्मचारी तकनीकी खराबी की बात कहकर उन्हें टरका देते हैं। दूसरी ओर, एजेंसी संचालक आलम ने कालाबाजारी से इनकार करते हुए कहा कि जनता में किल्लत के डर से ‘पैनिक बुकिंग’ बढ़ गई है, जिससे सिस्टम पर दबाव है। हालांकि, शहर में मचे इस हाहाकार के बीच जिला पूर्ति विभाग की चुप्पी पर भी सवाल उठ रहे हैं।
उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित नहीं हुई और कालाबाजारी करने वाले हॉकर्स पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे सड़क पर उतरकर बड़े आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।

Subscribe to my channel