महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत,पुलिस जांच में जुटी
महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत,पुलिस जांच में जुटी

महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत,पुलिस जांच में जुटी
(गौरव सिंघल)
सहारनपुर (रामपुर मनिहारान)। सहारनपुर जनपद के रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के मोहल्ला महल नई बस्ती में बीती देर रात शबाना (41) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौत के बाद पति ने अपने ससुर को फोन कर बताया कि वह बिस्तर पर मृत पड़ी है। इसके बाद दामाद वहां से भाग गया। मायके पक्ष ने दामाद पर हत्या का आरोप लगाया है। मोहल्ला महल नई बस्ती निवासी शबाना की 20 साल पहले गागलहेड़ी के गांव कैलाशपुर निवासी सलीम के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही दोनों मोहल्ला महल नई बस्ती में ही रहने लगे थे। बीती देर रात शबाना के पिता इनाम व उसकी मां भी उसी के घर आए हुए थे। रात करीब दो बजे सलीम ने ससुर इनाम को फोन किया और बताया कि शबाना अपने कमरे में मृत पड़ी है, जाकर देख लो। वह बेटी के कमरे में गए तो वहां शबाना अपने बिस्तर पर मृत पड़ी थी। सलीम वहां से गायब था। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मृतका के परिजनों का आरोप है कि सलीम ने अपनी पत्नी शबाना को पहले कोई नशीला पदार्थ दिया और फिर तकिये से उसका मुंह दबाकर हत्या कर दी।
आरोप है कि शादी के बाद से दामाद का व्यवहार बेटी के प्रति ठीक नहीं था। बताया जा रहा है कि वारदात के बाद सलीम को गली में लगे सीसीटीवी में घर से निकलते हुए देखा गया। पुलिस अब इन कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। मृतका के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं है। सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्रित किए। मृतका के दो बेटे और दो बेटियां हैं। हालांकि देर रात तक तहरीर नहीं दी गई थी।
पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है।

Subscribe to my channel