अधिवक्ता के घर में घुसकर लूट करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ में किया गिरफ्तार
अधिवक्ता के घर में घुसकर लूट करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ में किया गिरफ्तार

अधिवक्ता के घर में घुसकर लूट करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ में किया गिरफ्तार
(गौरव सिंघल)
सहारनपुर। चिलकाना रोड स्थित दया गार्डन कॉलोनी में अधिवक्ता नौशाद अली के घर में घुसकर दो बदमाशों ने उनकी पत्नी और बेटी को बंधक बना लिया था और लूट करके फरार हो गए थे। पुलिस ने इन्हीं दोनों बदमाशों को मुठभेड़ में पकड़ लिया है।देहात कोतवाली पुलिस ने अधिवक्ता के घर हुई लूटपाट की घटना को अंजाम देने वाले दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। इन बदमाशों ने पांच दिन पहले अधिवक्ता नौशाद अली के घर उनकी पत्नी और बेटी को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना 14 मार्च की रात को चिलकाना रोड स्थित दया गार्डन कॉलोनी में हुई थी। अधिवक्ता नौशाद अली के घर में घुसकर दो अज्ञात बदमाशों ने उनकी पत्नी और बेटी को बंधक बना लिया और करीब 43 हजार रुपये की नकदी लूट ली थी। अधिवक्ता ने देहात कोतवाली में मामला दर्ज कराया था और पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी थी।
बीती देर रात देहात कोतवाली पुलिस मंशापुर नहर पटरी के पास नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही दोनों बदमाश भागने लगे। हड़बड़ाहट में वे नहर तिराहे के पास फिसल गए। इसके बाद, दोनों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान अब्दुल रहमान निवासी दया गार्डन और दिलेशान निवासी मिल्लतनगर, देहात कोतवाली के रूप में हुई है। दोनों ही अधिवक्ता के घर हुई लूट की घटना में वांछित चल रहे थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर लूटी गई 43 हजार रुपये की नकदी, दो तमंचे, कारतूस, एक चाकू और घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है। पुलिस ने दोनों घायल बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया है और आगे की पूछताछ कर रही है।

Subscribe to my channel