नगर निगम ने 50 दुकानों का अतिक्रमण हटाया, 11 हजार जुर्माना वसूला
नगर निगम ने 50 दुकानों का अतिक्रमण हटाया, 11 हजार जुर्माना वसूला

सहारनपुर : नगर निगम ने 50 दुकानों का अतिक्रमण हटाया, 11 हजार जुर्माना वसूला
– आईजीआरएस पोर्टल तथा जनसुनवाई में आयी शिकायतों पर की गयी कार्रवाई
(गौरव सिंघल)
सहारनपुर। नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते ने लोहानी सराय, प्रताप मार्किट, शहीद गंज, जैन कॉलेज रोड, भारत माता चौक, नया बाजार व ढोलीखाल में करीब पचास दुकानों का अतिक्रमण हटाते हुए कुछ दुकानदारों से ग्यारह हजार रुपये जुर्माना वसूला। इन सब स्थानों पर अतिक्रमण के सम्बंध में आईजीआरएस व जनसुनवाई में शिकायतें की गयी थी। नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर नगर निगम के अतिक्रमणरोधी दस्ते ने आज ढोलीखाल-लोहानी सराय चौक पर करीब आधा दर्जन दुकानों का अतिक्रमण हटवाते हुए पांच दुकानों पर जुर्माना लगाया। नया बाजार में जामा मस्जिद के पास चार दुकानों का अतिक्रमण हटाते हुए दो हजार रुपये जुर्माना लगाया। प्रताप मार्किट में करीब आधा दर्जन दुकानों का अतिक्रमण हटवाते हुए तीन दुकानों पर जुर्माना लगाया।
इसके अलावा जनसुनवाई में आयी शिकायतों का संज्ञान लेते हुए भारत माता चौक, शहीद गंज व जैन कॉलेज रोड पर भी अतिक्रमण हटाया गया। प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एच बी गुरुंग ने बताया कि करीब 50 दुकानों का अतिक्रमण हटाया गया और दुकानदारों से ग्यारह हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा भारत माता चौक के निकट गुरुद्धारा रोड के बराबर गली में सड़क पर बनाये गए बाथरुम की शिकायत भी आईजीआरएस पोर्टल पर की गयी थी। प्रवर्तन दल ने उक्त भवन स्वामियों को स्वयं अपने बाथरुम गली से हटाने के लिए एक सप्ताह का समय देते हुए चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह में बाथरुम न हटाये गए तो निगम द्वारा कार्रवाई करते हुए उन्हें हटाया जायेगा।

Subscribe to my channel