श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी की मुख्य पूजा के दिन चतुर्दशी पर हजारों श्रद्धालुओं ने देवी मां के दर्शन कर चढ़ाया प्रसाद और मांगी मनौतियां
श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी की मुख्य पूजा के दिन चतुर्दशी पर हजारों श्रद्धालुओं ने देवी मां के दर्शन कर चढ़ाया प्रसाद और मांगी मनौतियां

देवबंद : श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी की मुख्य पूजा के दिन चतुर्दशी पर हजारों श्रद्धालुओं ने देवी मां के दर्शन कर चढ़ाया प्रसाद और मांगी मनौतियां
मां बाला सुंदरी देवी शक्तिपीठ पर लगने वाले वार्षिक मेले का भी हुआ शुभारंभ
(गौरव सिंघल)
देवबंद (सहारनपुर)।
चतुर्दशी (चौदस) देवी मां की मुख्य पूजा के दिन आज कई हजार श्रद्धालुओं ने देवबंद के विख्यात शक्तिपीठ श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी देवी मंदिर पर पहुंचकर देवी मां के दर्शन कर मां को चुनरी, नारियल, हलवा-पूरी, बताशे एवं इलायची का प्रसाद चढ़ाया।और अपनी-अपनी मनौतियां मांगी। अनेकों श्रद्धालुओं ने देवी मां द्वारा पूरी की गई उनकी मन्नतों के प्रति चांदी के छत्र आदि भी चढ़ाएं और अनेक श्रद्धालुओं ने मां से अपनी मन्नतें पूरी करने का आशीर्वाद भी मांगा। खबर लिखे जाने तक मां बाला सुंदरी देवी शक्तिपीठ पर श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी लाइनें दूर तक लगी हुई थी। श्रद्धालुओं में महिलाओं एवं युवाओं की संख्या ज्यादा दिखाई दे रही थी। देवबंद शक्तिपीठ पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला बीती देर शाम से ही शुरू हो गया था। जो आज पूरे दिन चलता रहा। लाइनों में चलते हुए श्रद्धालु जोर-जोर से माता के जयकारें लगाते हुए आगे बढ रहे थे, जोर से बोलो जय माता दी, सारे बोलो जय माता दी के जयकारों से मां बाला सुंदरी देवी शक्तिपीठ पूरी तरह गुंजायमान दिख रहा था। देवी शक्तिपीठ पर कहीं हवन चल रहा था तो कहीं भंडारे चल रहे थे। लाइनों में लगे श्रद्धालुओं में देवी मां के दर्शन करने को लेकर जबरदस्त उत्साह नजर आ रहा था, हर कोई अपनी-अपनी बारी का इंतजार कर रहा था और नंबर आते ही देवी मां के दर्शन कर प्रसाद चढा रहा था। देवबंद के देवी मंदिर पर प्रसाद चढ़ाने के लिए भारी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के जिलों, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब,उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे।
जिला और स्थानीय पुलिस-प्रशासन ने मेले की फुलप्रूफ व्यवस्था के लिए कड़े बंदोबस्त किए है। जिलाधिकारी सहारनपुर मनीष बंसल और एसएसपी अभिनंदन सिंह ने आज इस मौके पर देवी भक्तों को अपनी ओर से हार्दिक बधाई देते हुए इन आयोजनों को शांतिपूर्वक और सफलता के साथ मनाने की अपील की है।
बीती रात करीब 20 दिन तक इस शक्तिपीठ पर हर वर्ष लगने वाले विख्यात मां बाला सुंदरी देवी मेले का उद्घाटन राज्यमंत्री बृजेश रावत द्वारा फीता काटकर, शांति का प्रतीक कबूतर उडाकर व नारियल फोडकर किया गया। इस अवसर जिलाधिकारी सहारनपुर मनीष बंसल, एसएसपी सहारनपुर अभिनंदन सिंह, एसपी देहात सागर जैन, पालिकाध्यक्ष विपिन गर्ग, मेला चेयरमैन विपिन त्यागी, भाजपा नगराध्यक्ष अरुण गुप्ता, सीओ देवबंद अभितेश सिंह, कोतवाली प्रभारी रोजन्त त्यागी, सभासदगण, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। देवबंद के मां बाला सुंदरी शक्तिपीठ की पूरे भारत में उसकी इस खासियत को लेकर विशेष महत्व है कि जब देश ऊंच-नीच और भेदभाव की जकड़न में बंधा था तब भी इस मंदिर में सभी को सम्मान के साथ प्रवेश और पूजा-पाठ करने की अनुमति थी। यह परंपरा आज भी बदस्तूर जारी है। क्षेत्र के लाखों अनुसूचित जाति के लोग अपने अन्य हिंदू धर्मावलंबियों के साथ प्रेम, सहयोग और सद्भाव की भावना के साथ मिलजुलकर देवी के दर्शन करते हैं और मेले में उन्मुक्त भाव से बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। महात्मा गांधी ने भी देवबंद की इस भावना को कई बार रेखांकित कर यहां की मान्यताओं और परंपराओं की सराहना की थी। देवबंद मेला देवीकुंड के विशाल मैदान पर भर रहा है। इस बार मेले का चेयरमैन सभासद विपिन त्यागी को बनाया गया है। विपिन त्यागी ने बताया कि
मेले में बच्चों के लिए मुख्य आकर्षण आधुनिक झूले, सर्कस और अन्य मनोरंजन के साधन है। मेले में चाट-पकोडी, आइस्क्रीम, हलवा-पराठा और अन्य खाने-पीने की काफी दुकानें लगाई गई है। मां श्री त्रिपुर बाला सुंदरी देवी मंदिर के मुख्य सेवक पंडित विकास मोना ने वरिष्ठ पत्रकार गौरव सिंघल को बताया कि चतुर्दशी तिथि पर माता के भवन पर आज बडे तबके से प्रसाद चढऩा आरंभ हो गया था। जो आज रात तक जारी रहेगा।

Subscribe to my channel