बेहतर कारोबार, विकास व विश्व शांति सबसे अहम
बेहतर कारोबार, विकास व विश्व शांति सबसे अहम

सहारनपुर : बेहतर कारोबार, विकास व विश्व शांति सबसे अहम : शीतल टण्डन
वित्तीय वर्ष 2026-27 के शुभारंभ पर हर्षोल्लास के साथ किया गया पूरे जनपद में सामूहिक बही खाता पूजन
(गौरव सिंघल)
सहारनपुर। व्यापारिक वित्तीय वर्ष 2026-27 के शुभारंभ पर आज सहारनपुर जनपद, सभी कस्बों, तहसील, नगर व जिला इकाईयों व व्यापारिक संस्थानों द्वारा सामूहिक खाता बही पूजन के कार्यक्रम का विशेष आयोजन किया गया और सभी व्यापारियों ने नये वित्तीय वर्ष के लिए सबके लिए सुख-समृद्धि की कामना की तथा प्रसाद वितरण किया गया। बदले हुए आधुनिक दौर में खाता बहियों की जगह बहुत से व्यापारियों ने कम्पयूटर का पूजन भी किया। स्थानीय रेलवे रोड पर हाथी बिल्डिंग परिसर में जिला व्यापार मण्डल द्वारा आयोजित खाता बही पूजन के अवसर पर जिलाध्यक्ष शीतल टण्डन ने कहा कि व्यापारी एकता व व्यापारी हितों की रक्षा और समग्र विकास के लिए सभी व्यापारी एवं व्यापारिक संगठनों को अनुशासन में रहते हुए एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि व्यापारी एकता एवं व्यापारी हितों की रक्षा के लिए व्यापार मण्डल सबसे उपयोगी संगठन है और पिछले 50 वर्षों से भी अधिक समय से लाला विशम्बर दयाल अग्रवाल व पं.श्याम बिहारी मिश्रा द्वारा स्थापित व्यापार मण्डल एक वट वृक्ष का रूप ले चुका है और संगठन की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने पर प्रांतीय अध्यक्ष मुकुन्द मिश्रा के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में व्यापारी स्वाभिमान यात्रा पूरी होने पर प्रदेश के व्यापारियों में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है। श्री टण्डन ने कहा कि पूरे देश के व्यापारी व्यापार मण्डल के लिए कार्य करने के साथ-साथ एक आदर्श नागरिक, व्यापारी और सभी राष्ट्रीय व धार्मिक पर्वों व आपदाओं पर जनहित के कार्यों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। श्री टण्डन ने सभी व्यापारियों से व्यापार मण्डल की आचार संहिता का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि व्यापारी वर्ग सभी प्रकार के सरकारी करो का समय पर भुगतान करें, कर अपवंचना मिलावट, घटतौली व अतिक्रमण करने से दूर रहे तथा अपने संस्थान के कर्मचारियों, ग्राहकों और जिन व्यापारियों से माल खरीदकर व्यापारी आगे माल की बिक्री करते हैं, उन सबसे परिवार जैसे सौहार्दपूर्ण सम्बन्ध रखें। श्री टण्डन ने आशा प्रकट कि नये वित्तीय वर्ष में कारोबार में वृद्धि होगी, केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा व्यापारिक समस्याओं के निदान हेतु आवश्यक कदम उठाये जाने चाहिए। साथ ही श्री टण्डन ने व्यापारियों को सचेत किया कि वर्तमान में आयकर की धारा 43 बी में संशोधन किये जाने जीएसटी का सरलीकरण, ऑनलाइन ट्रेडिंग पर अंकुश लगाने तथा प्रदेश में नजूल सम्पत्ति के लिए फ्रीहोल्ड योजना लागू किये जाने व अन्य मांगों को लेकर एक बड़े आंदोलन के लिए भी तैयार रहना होगा, क्योंकि केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा व्यापारियों की वास्तविक समस्याओं के निदान के प्रति भी अनदेखी की जा रही है। पिछले कुछ समय से विश्व में राष्ट्रों के बीच हो रहे युद्धों पर भी चिंता जताते हुए आशा प्रकट की कि शीघ्र ही युद्ध विराम हो।खाता बही पूजन करने वालों में जिलाध्यक्ष शीतल टण्डन, जिला महामंत्री रमेश अरोडा, जिला कोषाध्यक्ष कर्नल संजय मिड्ढा, रमेश डावर, संजय महेश्वरी, सन्नी मल्होत्रा, अरूण नारंग, राजू सचदेवा, देवेन्द्र मोहन, आकाश खुराना, भीम गिरधर, जोगेन्द्र मल्होत्रा, संजीव सचदेवा, ऋषि टण्डन, नीरज सचदेवा, आदि व्यापारी प्रतिनिधियों द्वारा पूजा अर्चना, दीप प्रज्जवलन व प्रसाद वितरण में भागीदारी की गयी।

Subscribe to my channel