12 वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
12 वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

12 वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस :
भारत योग शिक्षा से जुड़े असंख्य लोग, आचार्य प्रतिष्ठा ने खोला हर वर्ग के लिए योग पिटारा
(गौरव सिंघल)
सहारनपुर। हर वर्ष 21 जून को मनाए जाने वाला अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस इस बारहवें वर्ष में, मोक्षायतन योग संस्थान द्वारा जो कि देश की अग्रणी योग संस्थाओं में से एक है और आयुष मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जिसे “लीडिंग योग केंद्र” के रूप में मान्यता प्राप्त है, सौ दिन पूर्व ही योग दिवस से जुड़ी अनेकानेक गतिविधियों के साथ नए अंदाज में मनाने की शुरुआत कर दी है।
इसी श्रृंखला में भारत योग की पहली गतिविधि के अंतर्गत पहली 10 दिवसीय नि:शुल्क योग एवं वैलनेस कक्षाओं की ऑनलाइन शुरुआत आज से कर दी गई हैं। जिसमें असंख्य लोगों का जुड़ना सभी के लिए उत्साहजनक रहा। इन खास योग सत्रों का संचालन स्वयं संस्थान निदेशक एवं जानी-मानी योग एवं आध्यात्मिक गुरु आचार्य प्रतिष्ठा कर रही हैं। इन कक्षाओं में हजारों की संख्या में मात्र भारत से ही नहीं अपितु विश्व भर से योग साधक जुड़ कर निःशुल्क लाभ ले रहे हैं।
केंद्र की निदेशक आचार्य प्रतिष्ठा ने बताया कि यह विश्वव्यापी कक्षाएं भारत योग की ओर से सभी के लिए योग दिवस का उपहार है। इसके साथ ही इस वर्ष १९९० से दुनिया को पहला अंतर्राष्ट्रीय योग महोत्सव देकर योग से जोड़ने वाले वंदनीय गुरुदेव पद्मश्री स्वामी भारत भूषण का 75 वां अवतरण दिवस होने से इस पूरे वर्ष इस प्रकार की लोक कल्याण गतिविधियों की अटूट श्रृंखला चलती रहेंगी। उन्होंने बताया कि अप्रैल महीने के अंत में विशेष रूप से सीनियर सिटीजन्स के लिए शोध पर आधारित नि:शुल्क ऑनलाइन योग प्रशिक्षण कार्यशाला भी लगाई जाएगी। केंद्र के अधिष्ठाता नंद किशोर शर्मा, सतीश चावला और प्रशिक्षण प्रमुख अनीता शर्मा ने बताया कि इस खास प्रशिक्षण श्रृंखला की शुरुआत करके आचार्य प्रतिष्ठा ने हर वर्ग के लिए योग पिटारा खोला है, जिससे सभी योग प्रेमी भारत योग के सोशल मीडिया से जुड़े रहकर आगामी नि:शुल्क कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त करके उनसे लाभान्वित हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि भारत योग के सोशल मीडिया परिवार में बीस लाख से अधिक लोग शामिल हैं लेकिन भारत योग का ये 12 वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस अभियान सभी को दैनिक जीवन में योग के रंग घोलने के लिए मुक्त रूप से शुरू किया गया है।

Subscribe to my channel