सुरक्षा व्यवस्था के बीच कानपुर में 53 केंद्रों में होमगार्ड भर्ती परीक्षा
सुरक्षा व्यवस्था के बीच कानपुर में 53 केंद्रों में होमगार्ड भर्ती परीक्षा

सुरक्षा व्यवस्था के बीच कानपुर में 53 केंद्रों में होमगार्ड भर्ती परीक्षा, 19,400 अभ्यर्थियों के लिए सख्त इंतजाम कानपुर। होमगार्ड भर्ती परीक्षा के पहले दिन शहर के 53 केंद्रों में पुलिस फोर्स तैनात रहा। प्रत्येक पाली में लगभग 19400 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई। परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए पुलिस-प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं।सुबह आठ बजे सभी केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों को जेवर, जूते-मोजे, बेल्ट और अन्य संदिग्ध वस्तुएं बाहर ही उतरवाने के बाद ही प्रवेश दिया गया।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आयोजित होमगार्डस भर्ती-2025 की आफलाइन लिखित परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल को होगी। शनिवार पहले दिन सुबह 10 से 12 बजे तक परीक्षा के लिए आए अभ्यर्थियों को सुबह आठ बजे से ही लाइन में लगवाकर एक-एक कर तलाशी ली गई। इसके बाद उन्हें प्रवेश दिया गया। साढ़े नौ बजे तक सभी अभ्यर्थियों को प्रवेश दे दिया गया।
एडीसीपी एलआइयू महेश कुमार ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के अंदर-बाहर और आसपास सुरक्षा के लिए पुलिस फोर्स तैनात हैं। यातायात व्यवस्था भी दुरुस्त है। पहली पाली के बाद दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन से पांच बजे तक होगी। एडीसीपी ने बताया कि तीन दिन की होमगार्ड भर्ती परीक्षा के लिए 53 केंद्रों में लगभग 1,16,400 पंजीकृत अभ्यर्थियों को आना है, लेकिन कितने लोग परीक्षा देने आए हैं। ये हर पाली में अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
इस दौरान डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बीएनएसडी कालेज, कानपुर विद्या मंदिर महिला महाविद्यालय, राजकीय पालीटेक्निक कालेज समेत विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था जांची। इस दौरान सीसी कैमरों की कार्यशीलता, अभ्यर्थियों की सुव्यवस्थित प्रवेश, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश, पेयजल समेत आवश्यक व्यवस्थाएं जांची।

Subscribe to my channel