राजस्थान भाजपा कार्यकर्ताओं को जीत की रण नीति बता रहे विधायक लक्ष्मण सिंह

राजस्थान भाजपा कार्यकर्ताओं को जीत की रण नीति बता रहे विधायक लक्ष्मण सिंह
रेवाड़ी 22 अगस्त आदर्श शर्मा
केंद्रीय विधायक विस्तारक प्रवास योजना के तहत कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव इन दिनों राजस्थान के चुरु जिले के सादुलपुर विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर हैं। कोसली विधायक के अनुभव एवं उनकी कार्यप्रणाली को देखते हुए उन्हें राजस्थान चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरने व उन्हें जीत का मूलमंत्र समझाने की अहम जिम्मेवारी सौंपी गई है।
प्रवास की कड़ी में कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने सादुलपुर विधानसभा की केशव गुवार मिल तथा सादलपुर शहर के व्यापारियों की बैठक लेने के साथ-साथ गुलपुरा तथा हमीरवाश मंडल कार्यकर्ताओं की बैठक भी ली। इस दौरान उन्होंने प्रदेश कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों से अवगत कराते हुए प्रत्येक राजस्थानवासियों तक भाजपा व केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को पहुंचाने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को जीत के मंत्र भी दिए।
इस मौके पर कोसली विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश के विकास पुरुष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दुनिया के सबसे ताकतवर एवं प्रभावशाली नेताओं में शीर्ष पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक और देश दुनिया की पांचवीं बड़ी शक्ति बनने में सफल हुआ है, वहीं राजस्थान में कांग्रेस राज ने प्रदेश का भट्ठा बैठा दिया है। हालात यह हो चुके हैं कि प्रदेश का प्रत्येक वर्ग आज सरकार से दुखी है तथा जल्द ही इस सरकार से छुटकारा पाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता पूरी ईमानदारी व समर्पित भाव से हर राजस्थानवासियों के बीच पहुंचकर लोगों को केंद्र सरकार की नीतियों तथा अन्य प्रदेश की खुशहाली व राजस्थान की बदहाली से अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस पार्टी की सरकार ने केवल अपने लोगों का भला करने का कार्य किया है, बाकी शेष जनता को भगवान भरोसे छोड़ दिया है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगा तथा कांग्रेस की कुनीतियां उसके पतन का कारण बनेगी।
इस मौके पर राजस्थान भाजपा नेता विकास शर्मा, धन सिंह, ओमप्रकाश खिचड़, महामंत्री कृष्ण खाकर, जिला उपाध्यक्ष पूनम पूनिया, पूर्व चेयरमैन जगदीश बैरासरिया समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रेवाड़ी से आदर्श शर्मा की रिपोर्ट