जिलाधिकारी ने स्कूली वाहनों के नए पोर्टल और फिटनेस जांच के संबंध में दिए सख्त निर्देश
जिलाधिकारी ने स्कूली वाहनों के नए पोर्टल और फिटनेस जांच के संबंध में दिए सख्त निर्देश

सहारनपुर : जिलाधिकारी ने स्कूली वाहनों के नए पोर्टल और फिटनेस जांच के संबंध में दिए सख्त निर्देश
नए पोर्टल पर डेटा फीडिंग और वर्तमान में चल रहे फिटनेस अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना :- डीएम मनीष बंसल
किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी : डीएम
(गौरव सिंघल)
सहारनपुर। जिलाधिकारी सहारनपुर मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में स्कूली वाहनों की सुरक्षा और उनके प्रबंधन हेतु विकसित किए गए नए पोर्टल की जानकारी साझा करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
उन्होंने कहा कि पोर्टल पर सूचनाएं अपडेट करना अनिवार्य है। सभी स्कूल प्रभारियों और प्रधानाचार्यों को सख्त निर्देश दिए कि वे अपने आवंटित आईडी के माध्यम से पोर्टल पर तत्काल लॉगिन करें। स्कूल के उपयोग में आने वाले सभी वाहनों की विस्तृत जानकारी पोर्टल पर फीड करना अनिवार्य है ताकि पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने 15 अप्रैल तक फिटनेस जांच अभियान का तथा विशेष फिटनेस जांच अभियान की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अवधि के भीतर सभी स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच पूरी की जानी है।बिना वैध फिटनेस प्रमाण-पत्र और सुरक्षा मानकों के कोई भी वाहन सड़क पर नहीं चलना चाहिए। यह अभियान बच्चों की यात्रा को सुरक्षित बनाने और तकनीकी खराबी के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
स्कूल स्तर पर सुरक्षा समिति की बैठक जिलाधिकारी मनीष बंसल ने निर्देशित किया कि अगले 15 दिनों के भीतर प्रत्येक स्कूल में अनिवार्य रूप से ‘स्कूली वाहन सड़क सुरक्षा समिति’ की बैठक आयोजित की जाए। इस बैठक में वाहन सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की समीक्षा की गई। डीएम मनीष बंसल ने कहा कि नए पोर्टल पर डेटा फीडिंग और वर्तमान में चल रहे फिटनेस अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक अरविंद पाठक और एआरटीओ प्रवर्तन एम.पी. सिंह ने पोर्टल के तकनीकी पहलुओं व प्रवर्तन कार्रवाई के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुमित महाजन, स्कूलों के प्रधानाचार्य,संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Subscribe to my channel