हस्तिनापुर में मगरमच्छ निकलने से ग्रामीणों में दहशत
हस्तिनापुर में मगरमच्छ निकलने से ग्रामीणों में दहशत

हस्तिनापुर में मगरमच्छ निकलने से ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग ने रेस्क्यू कर गंगा में छोड़ा हस्तिनापुर। खादर क्षेत्र के गांवों में मगरमच्छ के निकलने का सिलसिला थम नहीं रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। रविवार को ग्राम कुन्हैड़ा में एक विशालकाय मगरमच्छ आबादी और खेतों के पास घूमता हुआ देखा गया।मगरमच्छ को देख गांव में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय के निर्देशन में टीम आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। भारी भीड़ के जमा होने के कारण मगरमच्छ पास ही के एक गेहूं के खेत में छिप गया था। वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत और पूरी सतर्कता बरतते हुए मगरमच्छ को कुशलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया। विभाग के अनुसार, पकड़े गए मगरमच्छ का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद उसे सुरक्षित रूप से उसके प्राकृतिक आवास गंगा में छोड़ दिया गया है। गौरतलब है कि दो दिन पूर्व भी खादर क्षेत्र के ही गांव चामरौद में रात के समय एक विशालकाय मगरमच्छ घुस आया था, जिसे वन विभाग ने पकड़कर गंगा में छोड़ा था। लगातार हो रही इन घटनाओं से खादर क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों में भारी भय व्याप्त है। रेस्क्यू अभियान में वनकर्मी अंकित, ऋषभ सिंह, नितिन कुमार, कपिल, डालचंद, रवि एवं समंदर दास आदि रहे। वन क्षेत्राधिकारी ने ग्रामीणों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा किसी भी वन्य जीव के दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करें। ग्रामीण स्वयं किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं और न ही वन्य जीव को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करें। विभाग पूरी तरह सतर्क है, इसलिए डरने की आवश्यकता नहीं है।

Subscribe to my channel