मुजफ्फरनगर के शुकतीर्थ पहुंचे संत मोरारी बापू,

मुजफ्फरनगर के शुकतीर्थ पहुंचे संत मोरारी बापू,

मुजफ्फरनगर के शुकतीर्थ पहुंचे संत मोरारी बापू, अक्षय वट वृक्ष के दर्शन किए, स्वामी कल्याण देव जी महाराज की समाधि पर पुष्प अर्पित कर नमन किया
मुजफ्फरनगर। शुकतीर्थ में स्थित श्रीशुकदेव आश्रम में श्रीराम कथा की अमृत वर्षा के लिए मानस मर्मज्ञ मुरारी बापू शुक्रवार को शुकतीर्थ स्थल पधार गये है। मोरारी बापू ने भागवत पीठ में सिद्ध अक्षय वट की परिक्रमा कर श्रीशुकदेव मंदिर में पूजा की। स्वामी कल्याण देव जी महाराज की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। शनिवार 2 मई से मोरारी बापू की नौ दिवसीय राम कथा प्रारंभ होगी।
श्रीराम कथा व्यास मुरारी बापू शुक्रवार को हेलीकॉप्टर से शुकतीर्थ धाम पहुंचे और सीधे श्री शुकदेव आश्रम पधारे। उन्होंने तीर्थ जीर्णोद्धारक वीतराग स्वामी कल्याणदेव महाराज के समाधि मंदिर में मंत्रोच्चार के बीच भावपूर्ण स्मरण कर संत विभूति को श्रद्धाजंलि अर्पित की। शुकदेव आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी ओमानन्द महाराज के सानिध्य में बापू ने सिद्ध अक्षय वटवृक्ष की परिक्रमा कर श्रीशुकदेव मंदिर में पूजन किया। श्री शुकदेव संस्कृत विद्यालय के ब्रह्मचारियों ने मंत्र पाठ किया। स्वामी ओमानन्द महाराज ने बापू को शॉल, माला, प्रसाद और गुजराती भाषा का शुकतीर्थ साहित्य भेंट किया। स्वामी जी ने बापू को शहद और मखाने का प्रसाद ग्रहण कराया। उनकी राम कुटी के लिए स्वामी जी ने गुरुदेव का चित्र भी दिया। श्री शुकदेव आश्रम में उमड़े श्रद्धालुओं ने बापू का स्वागत किया। ट्रस्टी ओमदत्त देव, कथा व्यास अचल कृष्ण शास्त्री, आशीष माधव शास्त्री, प्राचार्य जीसी उप्रेती, आचार्य अरुण, विकास, ठाकुर प्रसाद, दीपक मिश्रा, युवराज आचार्य आदि मौजूद रहे। इससे पूर्व मोरारी बापू का हैलीकॉप्टर देहरादून से गंगा क्षेत्र में हेलीपैड पर पहुंचा, जहाँ ट्रस्टी ओमदत्त देव ने पुष्प गुच्छ भेंट कर बापू का स्वागत किया। इस दौरान रूपेश व्यास, प्रदीप जिंदल, अरविंद पिंकी, जेके गर्ग, सर्वेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
— दो मई को सायं 4 बजे से श्रीराम कथा का करेंगे शुभारंभ
श्री शुकदेव आश्रम में शनिवार 2 मई को बापू सांय 4 बजे से 7 बजे राम कथा का शुभारम्भ करेंगे। 3 मई से 10 मई तक प्रतिदिन दस बजे से डेढ़ बजे तक एक सत्र में कथा होगी। स्वामी कल्याणदेव हेलीपेड क्षेत्र में 3000 श्रद्धालुओं के बैठने को एसी वाटर प्रूफ पंडाल लगाया गया है। कथा की व्यवस्था के लिए पुलिस बल भी लगाया गया है।